नई दिल्ली : अगर आप राजधानी दिल्ली या आसपास के राज्यों से चलने वाली ट्रेनों में सफर की योजना बना रहे हैं और रिजर्वेशन कराने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।
दरअसल, मंगलवार रात 23 दिसंबर से लेकर बुधवार सुबह 24 दिसंबर तक दिल्ली पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम यानी पीआरएस की सभी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। रेलवे की ओर से यह फैसला तकनीकी सुधार और सिस्टम अपग्रेडेशन के चलते लिया गया है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर के अनुसार, यह प्रस्तावित बंद पीआरएस सिस्टम को और तेज, सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह बंद रात के उस समय किया जा रहा है, जब यात्रियों की संख्या कम रहती है, ताकि लोगों को न्यूनतम असुविधा हो।
आपको बता दें कि देशभर में पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम का संचालन पांच प्रमुख शहरों दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, चेन्नई और गुवाहाटी से किया जाता है। इनमें दिल्ली पीआरएस उत्तर भारत के बड़े हिस्से की ट्रेनों के रिजर्वेशन, चार्टिंग और पूछताछ का काम संभालता है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, 23 दिसंबर की रात 11 बजकर 45 मिनट से लेकर 24 दिसंबर की सुबह 4 बजकर 15 मिनट तक, यानी करीब 4 घंटे 30 मिनट के लिए दिल्ली पीआरएस से जुड़ी सभी सेवाएं बंद रहेंगी। इस दौरान न तो आरक्षण काउंटरों पर टिकट बुक हो सकेंगे और न ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग, पीएनआर स्टेटस या टिकट रद्द करने की सुविधा उपलब्ध होगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि जो लोग इस समयावधि के आसपास यात्रा की योजना बना रहे हैं, वे समय रहते अपना रिजर्वेशन पूरा कर लें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
