नई दिल्ली : दिल्ली के सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सफदरजंग फ्लाईओवर के नीचे स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पास एनडीएमसी के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। यह घटना शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक गोदाम से धुआं निकलता दिखा और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही सरोजिनी नगर थाना पुलिस हरकत में आ गई। थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले आग प्रभावित क्षेत्र को खाली कराया और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
गोदाम के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर और आसपास की दुकानों में मौजूद लोगों को भी एहतियातन दूर हटाया गया। पुलिस की मुस्तैदी के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस और दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई। दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू में करने की कोशिश की। हालांकि देर शाम तक आग पर पूरी तरह काबू पाने का प्रयास जारी था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गोदाम में रखे सामान के कारण आग तेजी से फैल गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और पुलिस दोनों ही मामले की जांच में जुटे हैं। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग लगी हो सकती है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।
घटना के चलते सफदरजंग फ्लाईओवर के आसपास कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
