10 दिन से चल रही थी हमले की प्लानिंग, अलीगढ़ के पिलखना कस्बे में सियासी तनाव ने लिया हिंसक मोड़
अलीगढ़/लखनऊ: यूपी के अलीगढ़ जिले की मुस्लिम बहुल नगर पंचायत पिलखना में को सपा नेता और तीन बार के चेयरमैन मो. आरिफ पर जानलेवा हमला हुआ है। सड़क निर्माण को लेकर पहले से चल रही चुनावी रंजिश अब खूनी संघर्ष में बदल गई। आरिफ को उस वक्त निशाना बनाया गया, जब वह बिना सुरक्षा के एक निजी दावत में शरीक होने निकले थे।
जानें पूरा मामला ?
पुलिस जांच और मो. आरिफ के बयान के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब नगर पंचायत ने सड़क निर्माण का कार्य आरोपी पक्ष के पुराने घर के सामने कराया। मगर, 20 मीटर का टुकड़ा मकान की सीढ़ी और चबूतरे के कारण अधूरा रह गया। करीब 10 दिन पहले आरिफ ने निर्माण न रोकने की बात कही थी, तभी दोनों पक्षों में तनातनी हुई। हमलावरों ने उसी दिन से हमला प्लान करना शुरू कर दिया था। आरिफ बिना हथियार के बाहर निकले और हमलावरों ने इस मौके का फायदा उठाया।
राजनीति बनाम रंगबाज़ी: चुनावी हार की खुन्नस बनी वजह
2023 के निकाय चुनाव में आरिफ की पत्नी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विजयी रहीं। भाजपा समर्थित जमीला खातून तीसरे स्थान पर रहीं और जमानत जब्त हो गई। हार के बावजूद, जमीला का परिवार भाजपा में सक्रिय हो गया और कथित तौर पर कस्बे में रौब जमाने लगा। आरिफ के विरोधियों को शक था कि पुलिस की पिछली गिरफ्तारी कार्रवाई में भी उनकी भूमिका रही। यही तनाव अब हिंसा में बदल गया।
मो. आरिफ: इंजीनियर के बेटे से जननेता तक का सफर
आरिफ के पिता उत्तर प्रदेश सरकार में चीफ इंजीनियर थे। वह 2012 में ठेकेदारी छोड़कर सियासत में आए। तीन बार पिलखना चेयरमैन बने, एक बार खुद, एक बार मां और अब पत्नी के नाम पर। सपा में सक्रिय, लेकिन सभी चुनाव निर्दलीय लड़े और जीते। 2022 में कोल विधानसभा सीट से सपा टिकट की मांग की, मगर नहीं मिला।
हमले के बाद माहौल तनावपूर्ण, मेडिकल कॉलेज में जुटे सपा नेता
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हमलावरों पर ईंट-पत्थर फेंके। भीड़ ने घायल आरिफ को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। सपा जिला महासचिव मनोज यादव, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, खुसरो खान, आमिर आबिद, जस्सू शेरवानी समेत तमाम नेता अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया। इस मामले में एसपी देहात अमृत जैन ने मीडिया को बताया कि “घटना पूर्व नियोजित प्रतीत होती है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और जांच तेजी से चल रही है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।”
