ससुराल जा रहे थे पिता, सड़क पार करते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
बरेली : यूपी के बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र अंतर्गत टिसुआ के पास भदपुरा मोड़ पर एक तेज रफ्तार बाइक ने 4 वर्षीय शिव को टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। शिव अपने पिता ताराचंद और मौसी के साथ टेंपो से ससुराल (भदपुरा गांव) जा रहा था, जब यह हादसा हुआ।
जानें क्या बोले परिजन
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के कटैया गांव निवासी ताराचंद ने बताया कि उनकी पत्नी हाल ही में बच्चेदानी के ऑपरेशन से गुज़री हैं और घर पर हैं। परिवार में शिव ही इकलौता बेटा था। ससुराल में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के वक्त, टेंपो को भदपुरा मोड़ पर रोका गया था। शिव की मौसी उसे पेशाब कराने के लिए सड़क पार ले गईं, और जब वह वापस लौट रही थीं, उसी समय एक तेज रफ्तार बाइक ने शिव को जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि “बाइक सवार की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।”
‘इकलौते चिराग’ की मौत से मातम पसरा
परिवार में शिव इकलौता बेटा था। मां का ऑपरेशन हो चुका है और अब दूसरी बार गर्भधारण संभव नहीं। शिव की मौत ने पूरा परिवार मौन और शोक में डुबो दिया है। घटना के बाद से परिजन लगातार बेसुध और रोते-बिलखते देखे जा रहे हैं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार बाइक और अंधाधुंध ड्राइविंग आम बात हो गई है। नियमों की अनदेखी और स्पीड ब्रेकर न होने के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।
