बहराइच। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहराइच पहुंचे, जहां उन्होंने कौड़ियाला नदी में नाव पलटने की दर्दनाक घटना में मृत महिला और लापता लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने हवाई सर्वेक्षण कर हादसे वाली जगह का भी निरीक्षण किया और राहत कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को 4 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा, कपड़े और खाद्य सामग्री प्रदान की। इस दौरान एक महिला ने भावुक होकर योगी आदित्यनाथ के पैर छुए, तो सीएम ने उन्हें सांत्वना दी और कहा—“सरकार आपके साथ है, कोई भी परिवार अकेला नहीं रहेगा।”
योगी ने कहा कि हादसे से प्रभावित 118 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित किया जाएगा, जिसके लिए सरकार ने 21 करोड़ 55 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। उन्होंने घोषणा की कि सभी परिवारों के लिए एक कॉलोनी बनाई जाएगी, जिसमें रिहायश, बाजार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जंगल या वन्य क्षेत्र में रह रहे परिवारों को भी सुरक्षित स्थलों पर बसाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां भयमुक्त और सुरक्षित जीवन जी सकें। उन्होंने कहा—
“यह दुख की घड़ी है, लेकिन हम सब एक परिवार की तरह आपके साथ खड़े हैं। सरकार की हर योजना और संसाधन पीड़ितों के पुनर्वास में लगाए जाएंगे।”
योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को राहत और पुनर्वास कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रभावित परिवार को मदद से वंचित नहीं रखा जाएगा।
