पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से महज चार दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महागठबंधन पर तीखा प्रहार किया है। पटना में आयोजित एनडीए की रैली में उन्होंने कांग्रेस और राजद को जमकर घेरा और कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” में देश की सेना की सफलता कांग्रेस और राजद को पच नहीं रही है। पीएम मोदी ने कहा — “धमाके पाकिस्तान में हो रहे थे, लेकिन नींद कांग्रेस के शाही परिवार की उड़ रही थी। आज तक कांग्रेस और राजद के नामदार उस सदमे से बाहर नहीं निकल पाए।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि बिहार में इस बार एनडीए पूरी तरह एकजुट होकर विकसित बिहार के संकल्प के साथ मैदान में है, जबकि दूसरी ओर महागठबंधन अंदरूनी कलह से जूझ रहा है। उन्होंने कहा — “राजद और कांग्रेस के बीच घमासान मचा हुआ है। नामांकन वापस लेने से एक दिन पहले बंद कमरे में गुंडागर्दी का खेल खेला गया। कांग्रेस नहीं चाहती थी कि राजद का नेता सीएम उम्मीदवार बने, लेकिन राजद ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर जबरन सीएम पद का ऐलान करवाया।”
पीएम मोदी ने दावा किया कि महागठबंधन की दरार चुनाव के बाद और गहरी हो जाएगी। उन्होंने कहा — “राजद और कांग्रेस चुनाव के बाद एक-दूसरे का सिर फोड़ेंगे। ऐसे लोग बिहार का भला कभी नहीं कर सकते। एक ओर सुशासन है, दूसरी ओर जंगलराज का कुशासन। कट्टा, कटुता, क्रूरता, कुशासन और करप्शन ही जंगलराज की पहचान है।”
प्रधानमंत्री ने बिहार के पुराने दौर की याद दिलाते हुए कहा कि “जंगलराज” में अपराध चरम पर था। उन्होंने कहा — “2004 में तरारी के एक डॉक्टर का अपहरण कर लिया गया था। उस दौर में 37 हजार से ज्यादा अपहरण के मामले हुए थे। डॉक्टरों तक को अपने जीवन की सुरक्षा के लिए बॉडीगार्ड रखने पड़ते थे। लेकिन नीतीश कुमार और एनडीए सरकार ने कड़ी मेहनत से बिहार को उस अंधेरे दौर से बाहर निकाला।”
पीएम मोदी ने कांग्रेस और राजद पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “कांग्रेस की पहचान सिखों के नरसंहार से है, और राजद की पहचान जंगलराज से। दोनों पार्टियां आज भी अपने किए पर पछता नहीं रही हैं, बल्कि बिहार की पहचान मिटाने पर तुली हैं।”
प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि “राजद और कांग्रेस के खतरनाक इरादों से सावधान रहिए। इनकी राजनीति ने उद्योगों को बंद कराया, निवेशकों को भगाया और बेरोजगारी बढ़ाई। जब लालटेन और लाल झंडा दिखेगा तो निवेशक कैसे आएगा? निवेश सिर्फ एनडीए सरकार ला सकती है।”
अंत में पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार विकास और विरासत, दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने घोषणा की कि “सरकार बाबू वीर कुंवर सिंह की जन्मस्थली का कायाकल्प करेगी और राष्ट्रसेवकों को उनका सम्मान दिलाएगी, जिसे कांग्रेस और राजद ने हमेशा नज़रअंदाज़ किया।”
