भागलपुर/लखनऊ : बिहार के भागलपुर जिले के शाहकुंड -सुल्तानगंज मार्ग पर हुए भीषण हादसे में पांच कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है, तो वहीं मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। यह दिल दहला देने वाली घटना बेलथू के महतो स्थान के पास हुई, जब गंगा स्नान के लिए जा रहे कांवड़ियों की पिकअप वैन बिजली के हाई-वोल्टेज तार के संपर्क में आ गई। ड्राइवर को ओवरटेक करते समय तार नहीं दिखा। जिसके चलते पूरी गाड़ी में करंट फैल गया।
बचने को नदी में लगाई छलांग
श्रद्धालुओं ने जान बचने के लिए 30 फीट नीचे नदी में छलांग लगा दी, लेकिन गाड़ी भी उनके ऊपर गिर गई। हादसे में मौके पर ही 5 कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हैं। मृतकों की पहचान पुरानी खेरही गांव के 3 और कसवा खेरही गांव के 2 युवकों के रूप में हुई है।
जल लेने जा रहे थे सुल्तानगंज
घायल अभिषेक कुमार ने बताया कि “हम 10 लोग पिकअप वैन से सुल्तानगंज गंगा स्नान को जा रहे थे। जल लेकर जेठौर नाथ मंदिर में पूजा करने की योजना थी। हादसा महतो स्थान पर हुआ। करंट लगते ही सभी कूदे, लेकिन पांच साथी नहीं बच सके।”पिकअप वैन का चालक हादसे के बाद से लापता है। पुलिस जेसीबी मशीन की मदद से नदी से चालक और वाहन की तलाश कर रही है।
आक्रोशित भीड़ ने किया सड़क जाम, शवों के साथ प्रदर्शन
गुस्साए ग्रामीणों ने शाहकुंड थाने के गेट के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने मुआवजे की मांग की और बिजली विभाग व प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस स्थिति को शांत कराने की कोशिश में लगी है और जांच का आश्वासन दिया गया है।
