बरेली: उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन जीआरपी (राजकीय रेल पुलिस) थाना पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। जीआरपी टीम ने अलग-अलग मामलों में गुम हुए 56 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
विशेष अभियान के तहत की गई कार्रवाई
पुलिस उपाधीक्षक रेलवे मुरादाबाद अनिल कुमार वर्मा के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा के नेतृत्व में जीआरपी टीम ने गुमशुदगी के मामलों में दर्ज मोबाइल फोन को सर्विलांस और तकनीकी सहायता के माध्यम से ट्रेस कर बरामद किया।
थाना परिसर में सौंपे गए मोबाइल, लोगों के चेहरे खिले
बरामद मोबाइल फोन थाना परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके असली स्वामियों को विधिवत रूप से सौंपे गए। लंबे समय से अपने मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों ने जब अपने फोन वापस पाए, तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल धारकों ने जीआरपी पुलिस की तत्परता और मेहनत की खुले दिल से सराहना की।
जीआरपी टीम की सराहनीय भूमिका
इस अभियान में निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा, उप निरीक्षक अनुराग प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल तेजप्रकाश सिंह, मुख्तार आलम, मोहित शुक्ला, कपिल कुमार, अक्षय कुमार, सर्विलांस शाखा मुरादाबाद के आरक्षी संदीप कुमार, कांस्टेबल मोहम्मद आलम, शिव कुमार और इरफान खान सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
यात्रियों से अपील, मोबाइल गुम होते ही दें सूचना
जीआरपी पुलिस का कहना है कि यह अभियान यात्रियों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल गुम हो जाए, तो तुरंत संबंधित थाने में सूचना दर्ज कराएं, जिससे समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल को बरामद किया जा सके।
