नागपुर : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पीढ़ी परिवर्तन को लेकर बड़ा और स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश और समाज के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है कि अगली पीढ़ी को समय रहते बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाएं। जब व्यवस्था सही ढंग से चलने लगे, तो पुरानी पीढ़ी को स्वयं पीछे हट जाना चाहिए। गडकरी ने कहा कि पीढ़ियों का बदलाव न केवल स्वाभाविक है, बल्कि विकास के लिए आवश्यक भी है।
नागपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने यह बातें कहीं। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस ‘एडवांटेज विदर्भ–खासदार औद्योगिक महोत्सव’ को लेकर आयोजित की गई थी, जिसकी परिकल्पना स्वयं नितिन गडकरी ने की है। इस आयोजन का संचालन एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (एआईडी) के अध्यक्ष आशीष काले द्वारा किया जा रहा है।
गडकरी ने कहा कि ‘एडवांटेज विदर्भ’ पहल में युवाओं की सक्रिय भागीदारी एक सकारात्मक और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि आशीष काले ने इस आयोजन के माध्यम से युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का काम किया है। गडकरी ने व्यक्तिगत उदाहरण देते हुए कहा कि आशीष के पिता उनके पुराने मित्र हैं और अब समय आ गया है कि हम जैसे लोग धीरे-धीरे रिटायर हों और जिम्मेदारी नई पीढ़ी को सौंपें। उन्होंने कहा कि जब गाड़ी ठीक से चलने लगे, तो ड्राइवर को पीछे हटकर कोई और भूमिका निभानी चाहिए।
नितिन गडकरी ने बताया कि ‘एडवांटेज विदर्भ एक्सपो’ का यह तीसरा संस्करण है, जो 6 से 8 फरवरी तक नागपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विदर्भ क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों में बेहद प्रतिभाशाली और सक्षम उद्यमी मौजूद हैं, जिन्हें सही मंच और अवसर देने की आवश्यकता है। यह आयोजन विदर्भ को देश के औद्योगिक नक्शे पर एक मजबूत और उभरते हुए विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
गडकरी ने विकास को लेकर अपनी सोच साझा करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए तीन सेक्टर बेहद जरूरी होते हैं। पहला औद्योगिक क्षेत्र, दूसरा कृषि और उससे जुड़े क्षेत्र, और तीसरा सेवा क्षेत्र। इन तीनों क्षेत्रों का संतुलित विकास ही किसी भी क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत बना सकता है।
उन्होंने कहा कि एडवांटेज विदर्भ एक्सपो में देश के कई प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्र शामिल होंगे। इनमें टेक्सटाइल, प्लास्टिक, खनिज, कोयला, विमानन, लॉजिस्टिक्स, आईटी, हेल्थकेयर, फार्मास्यूटिकल्स, रक्षा, रियल एस्टेट, नवीकरणीय ऊर्जा और स्टार्टअप्स जैसे सेक्टर प्रमुख हैं।
नितिन गडकरी ने उम्मीद जताई कि यह औद्योगिक महोत्सव न केवल विदर्भ के विकास को नई दिशा देगा, बल्कि युवाओं को नेतृत्व, उद्यमिता और नवाचार के नए अवसर भी प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यदि सही समय पर जिम्मेदारियां सौंपी जाएं और युवा आगे आएं, तो देश का भविष्य और अधिक मजबूत और समृद्ध बन सकता है।
