लखनऊ : होली के पर्व से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की महिलाओं को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उज्ज्वला योजना से जुड़े 1.86 करोड़ परिवारों को गैस सिलिंडर रीफिल कराने के लिए सब्सिडी प्रदान की है। राजधानी लखनऊ में लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की। सीएम योगी ने कहा कि होली समता और सौहार्द का पर्व है और सरकार चाहती है कि कोई भी परिवार त्योहार पर परेशान न हो। लाभार्थी होली से पहले या बाद में नजदीकी गैस एजेंसी से भरा हुआ सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं।
कांग्रेस शासन पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का हमला
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में गैस सिलिंडर सिफारिश से मिलता था, जबकि आज आमजन के घर में गैस पहुंची है। उन्होंने कहा कि पहले चूल्हे पर रोटी बनती थी, आज हर घर में गैस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला योजना ने महिलाओं की जिंदगी आसान बनाई है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि लोग बहकाने की कोशिश करेंगे, लेकिन जनता को भ्रम में नहीं आना चाहिए। अब बिना जुगाड़ नौकरी मिलती है और कानून का राज स्थापित हुआ है।
उज्ज्वला से आयुष्मान तक, गरीब कल्याण की योजनाएं: केशव मौर्य
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पहले शौचालय के आधार पर गरीब और अमीर की पहचान होती थी, लेकिन आज हर घर में शौचालय है। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना की शुरुआत बलिया से हुई थी और आज 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिल चुका है। मुख्यमंत्री आवास योजना, महिला समूह, लखपति दीदी और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
‘हमारे लिए पूरा प्रदेश परिवार है’ :सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले पर्वों से पहले दंगे और कर्फ्यू लगते थे, लेकिन 2017 के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। सीएम ने कहा कि आयुष्मान योजना से शिक्षकों और कर्मचारियों को भी जोड़ा गया है। आज देश-दुनिया के बड़े निवेशक यूपी में निवेश करना चाहते हैं। सरकार का मंत्र है सबका साथ, सबका विकास। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के लिए पूरा प्रदेश एक परिवार है और हर वर्ग को योजनाओं का लाभ देना ही प्राथमिकता है।
