पीड़ित लोगों की समस्याएं लेकर पहुंचे थे अतुल तोमर, चार घंटे इंतजार के बाद भी नहीं हुई मुलाकात; एसडीएम पर किसान-मजदूर विरोधी होने का लगाया आरोप
सहसवान: भारतीय किसान यूनियन हल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल तोमर बुधवार को पीड़ित लोगों की समस्याएं लेकर सहसवान तहसील पहुंचे। उन्होंने एसडीएम से मुलाकात के लिए पहले ही समय लिया था। तय समय के अनुसार वह सुबह करीब 11:30 बजे तहसील पहुंचे, लेकिन एसडीएम से मुलाकात नहीं हो सकी। इसको लेकर भारतीय किसान यूनियन हल के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नाराजगी देखने को मिली।
अतुल तोमर ने बताया कि उन्होंने पहले ही एसडीएम से मिलने का समय लिया था। बुधवार को निर्धारित समय पर वह तहसील पहुंचे। तहसील पहुंचने पर एसडीएम ने न्यायालय में व्यस्त होने का हवाला देते हुए करीब चार घंटे बाद मिलने की बात कही। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि वह करीब चार घंटे तक इंतजार करते रहे। इसके बाद जब एसडीएम को उनके तहसील में मौजूद होने की जानकारी दी गई, तब भी उन्होंने मुलाकात नहीं की और अपनी कार में बैठकर वहां से चले गए।

इस घटनाक्रम से नाराज अतुल तोमर ने सहसवान एसडीएम पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने एसडीएम को किसान और मजदूर विरोधी बताते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग उठाई। अतुल तोमर का आरोप है कि ऐसे अधिकारी गरीब और जरूरतमंद लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगवाते हैं और उनके अधिकारों का हनन करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी केवल पूंजीपतियों और नेताओं के काम को प्राथमिकता देते हैं।
एसडीएम से मुलाकात नहीं होने के बाद भारतीय किसान यूनियन हल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल तोमर ने आंदोलन का ऐलान कर दिया। उन्होंने अधिकारियों की कथित बेरुखी के विरोध में सहसवान एसडीएम कार्यालय के घेराव की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों और पीड़ित लोगों की समस्याओं को लेकर संगठन पीछे नहीं हटेगा। एसडीएम कार्यालय के घेराव के जरिए प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखी जाएंगी।