आईआईए ने मंडलायुक्त के सामने रखा विजन प्लान, जीरो प्वाइंट पर एलिवेटेड रोड और रजऊ औद्योगिक क्षेत्र के लिए रोड सर्कुलेशन प्लान की मांग
बरेली : महानगर में तेजी से बढ़ रही औद्योगिक गतिविधियों और लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) बरेली चैप्टर ने शहर को इंडस्ट्री फ्रेंडली सिटी बनाने की दिशा में पहल तेज कर दी है। आईआईए ने अगले 20 वर्षों की जरूरतों और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रशासन के सामने रखे हैं। आईआईए बरेली चैप्टर के चेयरमैन शेखर अग्रवाल, सचिव धनंजय विक्रम सिंह, कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता, सीईसी सदस्य विमल रिवाड़ी, राष्ट्रीय सचिव मयूर धीरवानी और अभिनव कटरू ने मंडलायुक्त शंभू कुमार से मुलाकात की।प्रतिनिधिमंडल ने बरेली के औद्योगिक विकास को गति देने और भविष्य में बढ़ने वाले यातायात दबाव से निपटने के लिए फ्यूचर प्लान पर चर्चा की और कई प्रस्ताव सौंपे।
जीरो प्वाइंट पर एलिवेटेड रोड की मांग
बैठक में आईआईए चेयरमैन शेखर अग्रवाल ने जीरो प्वाइंट पर बढ़ते यातायात दबाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों और आसपास के इलाकों से आने वाले भारी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे जीरो प्वाइंट और इससे जुड़े मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ रहा है।
आईआईए ने सुझाव दिया कि यहां एलिवेटेड रोड या फ्लाईओवर की संभावनाओं का अध्ययन कराया जाए। इससे यातायात को सुगम बनाने के साथ औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर हो सकती है। संगठन ने मंडलायुक्त से इसके लिए सर्वेक्षण और तकनीकी अध्ययन कराने का अनुरोध किया।
रजऊ औद्योगिक क्षेत्र के लिए रोड सर्कुलेशन प्लान
आईआईए ने रजऊ औद्योगिक क्षेत्र के लिए अलग से रोड सर्कुलेशन प्लान तैयार करने का सुझाव दिया। संगठन का मानना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में मालवाहक वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए बेहतर सड़क नेटवर्क और ट्रैफिक सर्कुलेशन जरूरी है। इससे जाम की समस्या कम करने के साथ उद्योगों तक माल की आवाजाही भी अधिक सुगम हो सकेगी।
ब्लॉक से तहसील तक इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन
फ्यूचर प्लान में आईआईए ने ब्लॉक से तहसील स्तर तक इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा। संगठन के मुताबिक भविष्य में बढ़ती आबादी, औद्योगिक गतिविधियों और वाहनों की संख्या को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अभी से मजबूत करना जरूरी है। इलेक्ट्रिक परिवहन से कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिल सकती है।
फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का भी प्रस्ताव
आईआईए ने फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स विकसित करने का सुझाव भी प्रशासन के सामने रखा। इसके माध्यम से सीमित भूमि में छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए व्यवस्थित औद्योगिक स्थान उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे नए उद्यमियों और एमएसएमई इकाइयों को औद्योगिक गतिविधियां शुरू करने के लिए बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।
भविष्य की जरूरतों के हिसाब से प्लानिंग पर जोर
आईआईए प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बरेली में औद्योगिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। शहर और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ सड़क और यातायात व्यवस्था पर दबाव भी बढ़ रहा है। ऐसे में वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ अगले 20 वर्षों की संभावित जरूरतों को ध्यान में रखकर इंफ्रास्ट्रक्चर की योजना तैयार करना जरूरी है। आईआईए का फ्यूचर प्लान औद्योगिक क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी, सुगम यातायात, सार्वजनिक परिवहन और उद्योगों के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर केंद्रित है। संगठन ने प्रशासन से प्रस्तावों पर सर्वेक्षण, तकनीकी अध्ययन और आवश्यक कार्ययोजना तैयार कराने की मांग की है।
