बदायूं/उझानी/बरेली:यूपी के बरेली -मथुरा हाईवे पर शुक्रवार को कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बरेली जिले के भुता निवासी कांवड़िए अंकित की मौत उस समय हुई, जब वह हाईवे किनारे खड़े ट्रैक्टर के आगे आराम कर रहा था। पीछे से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पहले ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे उसका टायर अंकित पर चढ़ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
ट्रैक्टर में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने बुझाई
घटना के बाद कुछ गुस्साए कांवड़ियों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर तुरंत काबू पा लिया। पुलिस ने घटना में कोई अन्य बड़ा नुकसान न होने की बात कही।
झड़प हुई, लेकिन स्थिति नियंत्रित
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद दोनों जत्थों के बीच थोड़ी देर के लिए झड़प हुई, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को काबू में कर लिया गया। ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
जानें क्या बोले, CO उझानी
CO उझानी ने मीडिया को बताया कि मृतक कांवड़िया पहले से खड़े ट्रैक्टर के आगे आराम कर रहा था। पीछे से आए ट्रैक्टर की टक्कर से दुर्घटना हुई। थोड़ी बहुत मारपीट जरूर हुई, लेकिन अब माहौल शांत है और ट्रैफिक सुचारू रूप से चल रहा है। मामले में तहरीर मिल गई है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
