मीरगंज के शाही बकैनिया वीरपुर में हादसा, तीन मजदूर घायल, NCC की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल
बरेली: यूपी के बरेली जिले के मीरगंज तहसील क्षेत्र के शाही थाना क्षेत्र के बकैनिया वीरपुर में सोमवार दोपहर निर्माणाधीन पानी की टंकी की शटरिंग खिसकने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में तीन मजदूर नीचे गिरकर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां 20 वर्षीय मजदूर वरुण की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक वरुण नवाबगंज क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। वहीं बिसारतगंज के कुंदरिया निवासी राजेश पुरी समेत दो अन्य घायल मजदूरों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना पर तुरंत पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही जल निगम शहरी और तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यदायी संस्था NCC की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। जल जीवन मिशन के रिकॉर्ड में बरेली की कई ग्रामीण जलापूर्ति परियोजनाओं के लिए NCC लिमिटेड कार्यदायी संस्था के रूप में दर्ज है। एसडीएम निधि शुक्ला ने मीडिया को बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी गिर चुकी हैं टंकी
इससे पहले बरेली देहात के आंवला में पानी की टंकी गिर चुकीं है। इसके अलावा भी कई शहरों में टंकी गिरी थीं। इसके बाद NCC और संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई की खबर सामने आई थी।
