बरेली : 108वें उर्स-ए-रज़वी के मौके पर जहां एक ओर दरगाह आला हज़रत में रूहानी महफ़िलें, चादरों के जुलूस और दीनी कार्यक्रम जारी हैं, वहीं दूसरी ओर इंसानियत और ख़िदमत की मिसाल पेश करते हुए दरगाह आला हज़रत की जानिब से बाकरगंज स्थित ईदगाह गेट के शादी हॉल में विशाल मुफ़्त स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस कैंप में सभी समुदायों के लोगों ने बड़ी तादाद में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने किया उद्धघाटन

शिविर का उद्घाटन मरकज़ -ए-अहले सुन्नत वेलफेयर ट्रस्ट के सदर हाजी मोहसिन हसन ने किया। इस मौके पर दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन मुफ़्ती अहसन मियां ने कहा कि सूफ़िया-ए-किराम के दर से जहां रूहानियत और दुआ मिलती है, वहीं ज़रूरतमंदों तक दवा पहुंचाना भी हमारी सामाजिक ज़िम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बीमारी की हालत में डॉक्टर से इलाज कराना और दवा लेना सुन्नत है। दरगाह हमेशा समाज के हर तबके की ख़िदमत के लिए आगे रही है और आगे भी रहेगी।
437 लोगों का हेल्थ कैंप

मीडिया प्रभारी एवं शिविर संयोजक नासिर कुरैशी ने बताया कि कैंप में शुगर, थायरॉयड, नेत्र, स्त्री रोग, दंत रोग, त्वचा, हड्डी और फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। शिविर में कुल 437 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कैंप के दौरान 187 लोगों की आंखों की जांच, 88 लोगों की थायरॉयड, कैल्शियम, यूरिक एसिड, सीबीसी, हीमोग्लोबिन और कोलेस्ट्रॉल की मुफ्त जांच, जबकि 54 लोगों की शुगर जांच की गई।
28 मरीजों को मोतियाबिंद

जांच में 28 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य शिविर में 5 पथरी, 3 हड्डी, 3 यूटरस और 1 हार्निया के मरीजों का ऑपरेशन कराने के लिए पंजीकरण किया गया। जिन मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड उपलब्ध हैं, उनका उपचार आयुष्मान योजना के तहत कराया जाएगा। जबकि जिन ज़रूरतमंदों के पास यह सुविधा नहीं है, उनके ऑपरेशन दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन मुफ़्ती अहसन मियां की ओर से अलग-अलग तिथियों में निजी अस्पतालों में डॉ. महेश चंद्रा (सर्जन) और डॉ. अक्षत बॉस (नेत्र सर्जन) द्वारा निःशुल्क कराए जाएंगे।
20 अगस्त तक करा लें पंजीकरण
नासिर कुरैशी ने बताया कि जो लोग किसी कारणवश इस स्वास्थ्य शिविर में नहीं पहुंच सके, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी है, वे 20 अगस्त 2026 तक 9897556434 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। शिविर को सफल बनाने में भोले सिंह तोमर, गोदपाल यादव, परवेज़ नूरी, शाहनवाज़ रज़ा, आफ़ताब रज़ा, संजू रस्तोगी, धीरज शर्मा, सीमा कुमारी, अश्मीर रज़ा, इमरान रज़ा, मुनीश कुमार, सैय्यद फैज़ान अली, साजिद नूरी,आमिर रज़ा और मोहम्मद जावेद सहित अनेक लोगों ने सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में हस्सान रज़ा ख़ान ने सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का शुक्रिया अदा किया।
