बरेली : उर्स-ए-आला हजरत (उर्स-ए-रज़वी) 2026 के दौरान 6 अगस्त से 8 अगस्त तक बरेली में देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचेंगे। भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर में भारी और हल्के वाहनों के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। 6 अगस्त की रात 8 ल बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं 7 और 8 अगस्त को भीड़ बढ़ने पर शहर के कई इलाकों में चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी प्रतिबंध लागू किया जाएगा।
भारी वाहनों के लिए बदले रूट
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार झुमका तिराहा, परसाखेड़ा, विलवा अंडरपास, विलयधाम अंडरपास, इनवर्टिस तिराहा, ट्रांसपोर्ट नगर, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा सहित कई मार्गों से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह l प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत और लखनऊ की ओर आने-जाने वाले भारी वाहनों को बड़े बाईपास और तय वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। बदायूं और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
7 और 8 अगस्त को शहर के इन इलाकों में प्रतिबंध
उर्स के दौरान यदि जायरीनों की संख्या अधिक रहती है, तो 7 और 8 अगस्त को सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक ईसाइयों की पुलिया, गांधी उद्यान, चौकी चौराहा, चौपला, मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, कुदेशिया अंडरपास, अशोक नगर, श्यामतगंज, पटेल चौक, नावल्टी, कुतुबखाना, इस्लामिया और कोहाड़ापीर की ओर चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा का प्रवेश बंद रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों से इन मार्गों पर जाने से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।
सैटेलाइट बस अड्डे से चलेंगी सभी रोडवेज बसें
उर्स के दौरान बरेली के पुराने रोडवेज बस अड्डे से किसी भी बस का संचालन नहीं होगा। सभी रोडवेज बसें केवल सैटेलाइट बस अड्डे से संचालित की जाएंगी।दिल्ली, लखनऊ, आगरा, बदायूं और अन्य रूटों की बसों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो और ट्रैफिक व्यवस्था बनी रहे।
जायरीन को बसों और वीआईपी वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस ने जायरीनों की बसों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं की ओर से आने वाली बसों को रेलवे यार्ड सुभाषनगर, सिंचाई विभाग गेस्ट हाउस, सेंट मारिया स्कूल के सामने और सैटेलाइट कार बाजार में पार्क कराया जाएगा। नैनीताल रोड से आने वाली बसों की पार्किंग रेलवे स्टेशन के पीछे खाली स्थान पर होगी, जबकि दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाली बसों को परसाखेड़ा क्षेत्र में निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा। पत्रकारों और अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तियों के वाहनों की पार्किंग जीआईसी परिसर में की गई है।
