कल घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक एडवाइजरी,बसें सैटेलाइट से चलेंगी
बरेली : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को बरेली दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह दोपहर करीब एक बजे जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट हो गया है। वीआईपी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर में रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। डिप्टी सीएम के जिला अस्पताल पहुंचने के दौरान शहर में यातायात का दबाव कम रखने के लिए कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। खास तौर पर भारी वाहनों को निर्धारित मार्गों से ही गुजारा जाएगा और प्रतिबंधित रास्तों से शहर में प्रवेश नहीं मिल सकेगा। इसके अलावा पुराने रोडवेज बस अड्डे से बसों का संचालन भी बंद रहेगा। सभी रूट की रोडवेज बसें सैटेलाइट बस स्टैंड से संचालित होंगी।यात्रियों को बस पकड़ने और यात्रा की योजना बनाने से पहले इस बदलाव का ध्यान रखना होगा।
जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लेंगे जायजा
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक जिला अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं,मरीजों को मिलने वाले उपचार,साफ-सफाई,दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। उनके दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी तैयारियों में जुटे हैं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर विशेष नजर रहने की संभावना है।
ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, वैकल्पिक रास्तों से निकलें
वीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात पुलिस ने व्यवस्था संभालने की तैयारी शुरू कर दी है। एसपी यातायात मोहम्मद अकमल खान ने लोगों से अपील की है कि बुधवार को घर से निकलने से पहले यातायात व्यवस्था का ध्यान रखें।अनावश्यक परेशानी और जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
डिप्टी सीएम के दौरे के दौरान शहर में आवागमन प्रभावित होने की संभावना है। ऐसे में जिला अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
