सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, फॉर्म-6 और ASDD के जरिए फर्जी वोट जोड़ने का लगाया आरोप,भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा, बोले- आजम खान साहब को मिलेगा न्याय
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने-काटने को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ में चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी की आशंका जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी संभावित हार को देखते हुए PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाताओं के वोट कटवाने की साजिश कर सकती है। अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मतदाता सूची पर लगातार नजर रखने की अपील की।अखिलेश यादव ने कहा कि साजिश और षड्यंत्र से सावधान रहना होगा! क्योंकि, चुनाव आयोग के ऊपर कई बार सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि अंतिम दिन जब मतदाता सूची तैयार होकर मिलेगी, तब राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई सूची और मतदान केंद्र पर प्रिसाइडिंग ऑफिसर के पास मौजूद सूची में अंतर देखने को मिल सकता है।उनके मुताबिक, बड़े पैमाने पर PDA के मतदाताओं के नाम काटने की कोशिश हो सकती है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम कटने संबंधी आंकड़े पर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री को यह जानकारी किस आधार पर मिली और क्या यह आंकड़ा चुनाव आयोग ने उपलब्ध कराया है? अखिलेश ने इस दावे को लेकर मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि जनता जानना चाहती है कि यह संख्या कहां से आई है।
फॉर्म-6 और ASDD को लेकर सपा की निगरानी व्यवस्था
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी बयान में अखिलेश यादव ने फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी ASDD यानी Absent, Shifted, Dead or Duplicate अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे नामों के आधार पर फर्जी वोट जोड़ने की कोशिश कर सकते हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि सपा के बूथ प्रभारी, PDA प्रहरी, घोषित और संभावित प्रत्याशी, जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी तथा पार्टी कार्यकर्ता नए जुड़ने वाले प्रत्येक वोट पर नजर रखेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपने आसपास मतदाता सूची में जुड़ने वाले नए नामों की जांच करने की अपील की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी एक-एक वोट का हिसाब मांगेगी। यदि किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सबूत जुटाकर शिकायत और एफआईआर कराई जाएगी। उन्होंने दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और कानूनी सजा की मांग करने की बात भी कही। अखिलेश यादव ने चेतावनी दी कि फर्जी तरीके से नाम जोड़ने या मतदाता सूची में हेराफेरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उसे भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा दल-दल बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकारी विभागों से लेकर निर्माण कार्यों तक भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है। उनके मुताबिक, सरकार ने अपने करीबी ठेकेदारों को मनमाने तरीके से ठेके और टेंडर दिए और सरकारी बजट का दुरुपयोग किया। उन्होंने प्रयागराज में महाकुंभ की व्यवस्थाओं, काशी में विकास कार्यों, गंगा सफाई, जल जीवन मिशन, सड़कों और एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने दावा किया कि हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद कई परियोजनाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकियों के गिरने और सड़कों के क्षतिग्रस्त होने जैसी घटनाएं सरकारी कामकाज में कथित भ्रष्टाचार को उजागर करती हैं। सपा अध्यक्ष ने थानों और तहसीलों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के अपने सांसद भी पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित है, कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है और किसान, नौजवान, छात्र तथा व्यापारी खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।अखिलेश यादव ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।
अवैध खनन और मीडिया की भूमिका पर टिप्पणी
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने अवैध खनन और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को उजागर करने वाले मीडिया संस्थानों और पत्रकारों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जो मीडिया संस्थान भ्रष्टाचार के कारण बने गहरे गड्ढों तक पहुंचकर साहसिक पत्रकारिता कर रहे हैं। वे उनके साथ हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पत्रकार अवैध खनन से बने गड्ढों को भरने की प्रगति पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहेंगे।
आजम खान को लेकर बोले- न्याय मिलेगा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वरिष्ठ नेता आजम खान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें न्याय मिलेगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब आजम खान से जुड़े विभिन्न कानूनी मामलों को लेकर राजनीतिक और कानूनी हलकों में चर्चा जारी है। हालांकि, मंगलवार को आजम खां के परिवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। इसके अलावा हाईकोर्ट से ED के मामले में अंतरिम जमानत दे दी है।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के निधन पर जताया शोक
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिला सचिव लाल साहब यादव के निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया। पार्टी की ओर से बताया गया कि सैफई से लौटते समय एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हुई। अखिलेश यादव ने हादसे में घायल एडवोकेट रविन्द्र चौरसिया और सुरेन्द्र यादव के समुचित इलाज की मांग की। इसके अलावा उन्होंने सीतापुर में पार्टी जिला कार्यालय के प्रभारी जयसिंह यादव के पिता सुन्दर सिंह यादव, मथुरा-वृंदावन निवासी तनु वार्ष्णेय और सुल्तानपुर के कादीपुर क्षेत्र की पियारी देवी के निधन पर भी शोक संवेदना व्यक्त की।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
