23 अक्टूबर को शिक्षक चुनाव का मतदान, 27 को मतगणना, जनगणना-2027 के लिए सेल गठित, ड्यूटी कटवाने के आवेदनों की होगी गहन जांच और स्वास्थ्य मामलों में मेडिकल परीक्षण
बरेली : जिले में आगामी चुनाव और जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। वहीं भारत की जनगणना-2027 के कार्यों के सुचारु संचालन के लिए जनपद स्तरीय जनगणना सेल में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।
शिक्षक चुनाव को लेकर बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को निर्वाचन प्रेक्षक नवीन कुमार जी.एस. (आईएएस) की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें निर्वाचन क्षेत्र के नौ जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में प्रत्येक मतदान केंद्र की जरूरत और संवेदनशीलता के आधार पर पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। मतदान प्रक्रिया के दौरान निगरानी के लिए हर मतदान केंद्र पर वीडियोग्राफी कराने को कहा गया। प्रेक्षक ने मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण समय से पूरा कराने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के निर्देश दिए गए।
नौ जिलों के अफसर बैठक में जुड़े
ऑनलाइन बैठक में बरेली के कमिश्नर शंभू कुमार,डीएम अविनाश सिंह,एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान समेत अधिकारी शामिल रहे। इसके अलावा बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा और संभल के डीएम, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर और पुलिस अधिकारी भी बैठक से जुड़े। प्रशासन की ओर से सभी जिलों को मतदान और मतगणना से जुड़ी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनगणना-2027 के लिए जनपद स्तरीय सेल गठित
इधर भारत की जनगणना-2027 के महत्वपूर्ण कार्यों को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए बरेली में जनपद स्तरीय जनगणना सेल में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी/प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी की स्वीकृति के बाद उप जिलाधिकारी (न्यायिक)/अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय आलोक कुमार, प्रशासनिक अधिकारी/जनगणना सहायक नरेन्द्र प्रताप सिंह और कनिष्ठ सहायक, नलकूप खंड द्वितीय अमन सक्सेना को जनगणना सेल से जुड़े कार्यों के लिए नामित किया गया है। नामित अधिकारी और कर्मचारी जनगणना-2027 से संबंधित विभिन्न कार्यों में जनपद स्तरीय सेल को सहयोग देंगे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
जनगणना ड्यूटी से छुट्टी के लिए आवेदनों की होगी जांच
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की ड्यूटी से मुक्त किए जाने के लिए आने वाले प्रार्थना पत्रों की अब गहन जांच होगी। इसके लिए जिलाधिकारी/प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी ने जांच समिति गठित की है। समिति में मुख्य विकास अधिकारी/अपर प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी को अध्यक्ष तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को सदस्य बनाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल ड्यूटी से बचने या सामान्य कारणों के आधार पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त नहीं किया जाएगा।
स्वास्थ्य कारण बताया तो होगा मेडिकल परीक्षण
यदि कोई कर्मचारी स्वास्थ्य संबंधी कारण बताकर जनगणना ड्यूटी से मुक्त होने का अनुरोध करता है तो उसके मामले की समिति के समक्ष जांच होगी। संबंधित कर्मचारी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और उपलब्ध चिकित्सा अभिलेखों के आधार पर दावे की वास्तविकता जांची जाएगी। समिति प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच के बाद स्पष्ट संस्तुति के साथ रिपोर्ट जिलाधिकारी/प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेगी। पर्याप्त और सत्यापन योग्य कारण नहीं मिलने पर ड्यूटी से मुक्त करने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर प्रशासन सख्त
डीएम ने जनगणना-2027 को राष्ट्रीय महत्व का महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए नियुक्त प्रगणकों और पर्यवेक्षकों से जिम्मेदारी के साथ दायित्व निभाने को कहा है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना ड्यूटी से बचने के लिए अनावश्यक आवेदन करने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा। निर्धारित दायित्व के निर्वहन में लापरवाही या अनावश्यक व्यवधान को गंभीरता से लेने की बात भी कही गई है। इस तरह बरेली में एक ओर शिक्षक निर्वाचन को लेकर प्रशासन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी मजबूत करने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर जनगणना-2027 के लिए कर्मचारियों की तैनाती और ड्यूटी संबंधी आवेदनों की जांच की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
