इलाके में तबाही मचा दो…, इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो से बढ़ा तनाव, पुलिस बोली- वीडियो के पीछे के मकसद की हो रही जांच
बरेली : सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए जाने का मामला सामने आने के बाद बरेली शहर के प्रेमनगर क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में भीड़ दिखाई दे रही है और सरकार व पुलिस को चुनौती देने वाले कथित संदेश प्रसारित किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है और नामजद युवकों की तलाश की जा रही है।
इंस्टाग्राम पर वायरल हुए दो वीडियो
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, उप निरीक्षक अक्षय त्यागी को सूचना मिली थी कि इंस्टाग्राम पर ‘साहिब-0008’ नाम के यूजर से एक वीडियो प्रसारित हो रहा है।वीडियो में भारी भीड़ दिखाई दे रही है और उसमें कथित तौर पर सरकार और पुलिस को सबक सिखाने तथा ‘तबाही मचाने’ जैसे संदेश दिए गए हैं। पुलिस जांच में इस खाते को प्रेमनगर के बानखाना स्थित खुदाबख्श मस्जिद क्षेत्र निवासी साहिब से जोड़ा गया। इसके अलावा ‘नूर पठान-0786’ नाम के इंस्टाग्राम यूजर से भी एक दूसरा वीडियो वायरल होने की बात सामने आई। इसमें भीड़ दिखाई दे रही है और ‘अभी 15 मिनट बाकी है’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान अरमान मियां के रूप में की है।
वीडियो वायरल होने से इलाके में तनाव का माहौल
पुलिस के अनुसार, इन वीडियो के प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में तनाव और लोगों में रोष की स्थिति बनी। मामले की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई। पुलिस ने वीडियो को गंभीरता से लेते हुए दोनों युवकों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस खंगाल रही वीडियो की पूरी कड़ी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब और कहां बनाए गए, इन्हें सोशल मीडिया पर किस उद्देश्य से अपलोड किया गया और इन्हें वायरल करने में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं। पुलिस वायरल वीडियो और उससे जुड़े सोशल मीडिया खातों की जांच कर रही है। फिलहाल साहिब और अरमान के खिलाफ मामला दर्ज है और दोनों की तलाश की जा रही है। आरोपों की वास्तविकता और वीडियो के पीछे की पूरी मंशा जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
