धान की फसल में छिपे सांप ने किसी के हाथ तो किसी के पैर में मारा डंक, हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती
बरेली : रविवार सुबह बरेली में अलग-अलग घटनाओं में सांप के डसने से तीन लोग घायल हो गए।तीनों घटनाएं खेतों में हुईं। यहां धान की फसल के बीच छिपे सांपों ने किसानों को अपना शिकार बनाया। हालत बिगड़ने पर परिजन घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे। तीनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।इसमें पहली घटना शीशगढ़ थाना क्षेत्र की है। गांव केमरिया निवासी 45 वर्षीय चन्द्रसेन पुत्र बेनीराम रविवार सुबह खेत में धान की फसल काट रहे थे। इसी दौरान खेत में बैठे सांप ने उनके हाथ में डस लिया। सांप के डसने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सीबीगंज के कंधई लाल को भी बनाया निशाना

दूसरी घटना सीबीगंज थाना क्षेत्र की है। गांव बल्ला कोठा निवासी 34 वर्षीय कंधई लाल सुबह खेत पर धान की फसल देखने गए थे। कंधई लाल के मुताबिक, धान की फसल में छिपे सांप ने उनके पैर में डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उनका भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसके अलावा तीसरी घटना भमोरा थाना क्षेत्र के गांव नौगवां ठाकुरान की है। 60 वर्षीय कृपाल सुबह खेत में धान की फसल में पानी लगाने गए थे। पाइप उठाते समय उसमें बैठे सांप ने उनके हाथ में डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें भमोरा सीएचसी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां कृपाल का उपचार जारी है।
इससे पहले भी कई को काटा

शुक्रवार को भी दो अलग -अलग घटनाओं में दो लोगों को काटा था। मगर,रविवार सुबह सुबह अलग-अलग इलाकों में सांप के डसने की तीन घटनाओं से खेतों में काम करने वाले लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। खासकर धान की फसल और पाइप आदि उठाते समय सावधानी बरतने की जरूरत है।
