बाइक सवार ने खुद को मौलाना बताकर ऊपरी हवा से निजात दिलाने का दिया झांसा, कागज की पुड़िया में बुंदों की जगह मिले पांच-पांच रुपये के दो सिक्के
बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के शंखा पुल के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े झाड़-फूंक और तंत्र -मंत्र के नाम पर महिला से ठगी का मामला सामने आया है। महिला ने मीडिया को बताया कि रिश्तेदार की मौत पर शोक जताने जा रही थी। इसी दौरान महिला को दो बाइक सवारों ने मदद के बहाने अपने साथ बैठाया। इसमें से एक आरोपी ने खुद को मौलाना बताकर महिला को ऊपरी हवा और बीमारी से निजात दिलाने का झांसा दिया, और उसके कानों में पहने सोने के बुंदे उतरवा लिए। इसके बाद में कागज की पुड़िया खोलने पर उसमें सोने के बुंदों की जगह पांच-पांच रुपये के दो सिक्के मिले।
मदद के बहाने बाइक पर बैठाया
बरेली देहात के सिरौली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी अमरसी बेगम अपनी ननद के साथ केशोपुर गांव में रिश्तेदार बूंदन खां के निधन पर शोक जताने जा रही थीं। शंखा पुल पर सवारी से उतरने के बाद दोनों पैदल केशोपुर की ओर जाने लगीं। इसी दौरान पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने मदद करने की बात कहकर दोनों को अपनी-अपनी बाइक पर बैठा लिया। बताया गया कि एक बाइक पर बैठी महिला की ननद को लेकर आरोपी आगे निकल गया, जबकि दूसरा बाइक सवार अमरसी बेगम को बहाने से एक विद्यालय के पास ले गया।
खुद को मौलाना बताकर दिया झांसा
आरोपी ने महिला को परेशान देखकर खुद को मौलाना बताया और ऊपरी हवा से निजात दिलाने की बात कही। झाड़-फूंक के नाम पर उसने महिला को विश्वास में लिया और उसके कानों से सोने के बुंदे उतरवा लिए। आरोपी ने बुंदों को कागज में लपेटकर रबर बैंड से बांध दिया और महिला से कहा कि इसे पानी में घोलकर पिलाने से घुटनों का दर्द और दूसरी परेशानियां दूर हो जाएंगी। साथ ही उसे कुछ देर तक पुड़िया नहीं खोलने की चेतावनी दी।
पुड़िया खोली तो उड़ गए होश
आरोपी महिला को केशोपुर गांव के पास छोड़कर फरार हो गया।महिला ने जब कागज की पुड़िया खोली तो उसके होश उड़ गए। उसमें सोने के बुंदों की जगह पांच-पांच रुपये के दो सिक्के रखे थे। ठगी का एहसास होते ही महिला ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कई टीमें लगाकर बाइक सवारों को तलाश किया, लेकिन दोनों आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।
तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश
सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर स्थानीय पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
