बरेली : यूपी के बरेली देहात के नवाबगंज स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। आमतौर पर बैंक में चोरी की खबर आते ही लोगों के मन में लॉकर, नकदी या कीमती सामान का ख्याल आता है, लेकिन इस बार चोरों ने बैंक के भीतर घुसकर कुछ ऐसा उठाया। जिसने घटना को चर्चा का विषय बना दिया। चोर बैंक के कर्मचारियों के हिस्से तक पहुंच गए और वहां से चाय की केतली, चॉकलेट, टॉफियां और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इस घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बेखौफ होकर बैंक में घुसे चोर, कर्मचारियों के हिस्से तक पहुंचे
घटना नवाबगंज स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा की बताई जा रही है, जहां दो चोर बेखौफ होकर बैंक के अंदर दाखिल हुए। हैरानी की बात यह रही कि दोनों चोर बैंक के उस हिस्से तक पहुंच गए, जहां आमतौर पर सिर्फ कर्मचारी ही जाते हैं। बताया जा रहा है कि चोरों ने कर्मचारियों के लिए रखी गई चाय की केतली, चॉकलेट, टॉफियां और कुछ अन्य सामान उठा लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों वहां से आसानी से निकल गए और उस समय किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
ऐसे खुली खुली चोरी की पोल
जानकारी के मुताबिक बैंक में 1 जुलाई को स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए चॉकलेट और टॉफियां रखी गई थीं। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए चाय की केतली और कुछ अन्य सामान भी मौजूद था। चोर इन्हीं सामानों को उठाकर ले गए। घटना का खुलासा तब हुआ, जब बैंक कर्मचारियों ने सामान गायब देखा और सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि दो युवक बैंक के भीतर पहुंचे और सामान लेकर फरार हो गए। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल
हालांकि, चोरी गया सामान बहुत ज्यादा कीमती नहीं था, लेकिन इस घटना ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर चोर बैंक के कर्मचारियों के प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंच गए और किसी को इसकी जानकारी तक क्यों नहीं हुई। अगर, चोर इतनी आसानी से बैंक के अंदरूनी हिस्से तक पहुंच सकते हैं, तो यह सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जाएगी। फिलहाल पुलिस ने बैंक की सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही दोनों चोरों को चिन्हित कर लिया जाएगा।
