RTO परिसर और मुख्य द्वार के आसपास सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान, बिचौलियों की गतिविधियों की जांच,CCTV की 24×7 निगरानी और दलालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश
बरेली : परिवहन कार्यालय को दलाल-मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए सोमवार को संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO),बरेली के बाहर और आसपास व्यापक अतिक्रमण हटाओ एवं औचक चेकिंग अभियान चलाया गया।परिवहन विभाग को कार्यालय के बाहर कुछ बिचौलियों के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।अभियान के दौरान RTO कार्यालय के आसपास 10 अस्थायी दुकानों और अतिक्रमणों को हटाया गया तथा आवश्यकतानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। कार्यालय परिसर और मुख्य द्वार के आसपास अनधिकृत रूप से लगाए गए खोखे, अस्थायी दुकानें, संदिग्ध रूप से खड़े वाहन और बिना अनुमति संचालित गतिविधियों को भी हटवाया गया।
बिचौलियों की गतिविधियों पर रखी गई नजर
अधिकारियों ने क्षेत्र में सक्रिय बिचौलियों और अनधिकृत गतिविधियों की सघन जांच की। साथ ही संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्यालय परिसर या मुख्य द्वार के आसपास किसी भी अनधिकृत अथवा संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दलाली मिली तो सख्त कार्रवाई
परिवहन अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति दलाली या किसी अनुचित गतिविधि में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
CCTV कैमरों की 24 घंटे निगरानी
कार्यालय में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी CCTV कैमरों को 24×7 चालू रखने और प्रतिदिन उनकी रिकॉर्डिंग की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
आम लोगों से दलालों से बचने की अपील
परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, परमिट या अन्य परिवहन सेवाओं के लिए किसी बिचौलिए के झांसे में न आएं। विभाग के मुताबिक अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं और नागरिक ऑनलाइन पोर्टल, जनसेवा केंद्र या विभागीय काउंटर के माध्यम से सीधे सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
इस अभियान का नेतृत्व RTO प्रशासन पंकज सिंह और RTO प्रवर्तन प्रणव झा ने संयुक्त रूप से किया। अभियान में ARTO प्रशासन डॉ. प्रवेश कुमार सरोज, ARTO प्रवर्तन वैभव सोती, यात्री/मालकर अधिकारी रमेश चंद्र प्रजापति, अजीत प्रताप सिंह समेत विभागीय प्रवर्तन दल और कर्मचारी मौजूद रहे। परिवहन विभाग ने कहा कि कार्यालय को पारदर्शी, सुगम और पूरी तरह दलाल-मुक्त बनाने के लिए इस तरह के अभियान नियमित अंतराल पर आगे भी जारी रहेंगे।
