बरेली: यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने 05062/05061 टनकपुर-अछनेरा-टनकपुर विशेष ट्रेन की अवधि बढ़ा दी है। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह ट्रेन अब 1 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक संचालित की जाएगी।
सप्ताह में पांच दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, अवधि विस्तार के बाद यह विशेष ट्रेन टनकपुर और अछनेरा से प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को यानी सप्ताह में पांच दिन चलेगी। इससे इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
टनकपुर से अछनेरा का समय और ठहराव
05062 टनकपुर-अछनेरा विशेष ट्रेन टनकपुर से सुबह 4:10 बजे प्रस्थान करेगी। यह खटीमा, पीलीभीत, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, उझानी, सोरों शूकर क्षेत्र, कासगंज, सिकंदराराव, हाथरस सिटी, मथुरा कैंट और मथुरा जंक्शन होते हुए दोपहर 12:20 बजे अछनेरा पहुंचेगी।
वापसी में अछनेरा से टनकपुर का शेड्यूल
वापसी में 05061 अछनेरा-टनकपुर विशेष ट्रेन अछनेरा से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी। यह मथुरा जंक्शन, मथुरा कैंट, हाथरस सिटी, सिकंदराराव, कासगंज, सोरों शूकर क्षेत्र, उझानी, बदायूं, बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर, भोजीपुरा, पीलीभीत और खटीमा होते हुए रात 11:45 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
ट्रेन की संरचना रहेगी पहले जैसी
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस ट्रेन की कोच संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ट्रेन पहले की तरह ही संचालित होगी।
