बरेली : यूपी के बरेली जिले में रेलवे में नौकरी दिलाने का लालच देकर एक युवक से लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए पीड़ित को फर्जी नियुक्ति पत्र दिया, और यहां तक कि दिल्ली के एक रेलवे अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण भी करा दिया। इसके बाद में जब सच्चाई सामने आई, तो युवक को पता चला कि उसके साथ बड़ी ठगी हो चुकी है। इस मामले की शिकायत मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभावशाली होने का दावा कर दिया नौकरी का झांसा
जानकारी के मुताबिक फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के रहने वाले सचिन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात शाहजहांपुर में शिव शंकर मिश्रा और उनकी पत्नी रेखा मिश्रा से हुई थी।दोनों ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए दावा किया कि वे रेलवे में ‘बैकडोर’ से नौकरी लगवा सकते हैं। उनकी बातों पर भरोसा कर पीड़ित उनके झांसे में आ गया।
विश्वास दिलाने के लिए कराया मेडिकल परीक्षण
आरोपियों ने योजना के तहत पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए उसे दिल्ली स्थित रेलवे अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण भी कराया। इस पूरी प्रक्रिया को देखकर युवक को लगा कि भर्ती की प्रक्रिया सही तरीके से चल रही है और उसे जल्द ही नौकरी मिल जाएगी।
अलग-अलग तरीकों से वसूले 11 लाख रुपये
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उससे अलग-अलग समय पर बैंक ट्रांसफर और नकद के जरिए कुल करीब 11 लाख रुपये ले लिए। इस दौरान शिव शंकर मिश्रा के अलावा जितु साव और सुयश अवस्थी के बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया गया। रकम लेने के बाद आरोपियों ने युवक को झारखंड के धनबाद में ट्रेनिंग के लिए भेज दिया, जहां कुछ अज्ञात लोगों से उसकी मुलाकात कराई गई।
सच्चाई सामने आने पर खुला धोखाधड़ी का मामला
कुछ समय बाद आरोपी बहाना बनाकर वहां से गायब हो गए। इसके बाद जब पीड़ित को शक हुआ तो उसने रेलवे विभाग के कार्यालय में जाकर जानकारी ली। वहां उसे पता चला कि उसे जो नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज दिए गए थे, वे पूरी तरह फर्जी हैं और उसके साथ ठगी की गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत में शिव शंकर मिश्रा, उसकी पत्नी रेखा मिश्रा और उनके गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब सभी आरोपियों की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच कर रही है।
