दिशा पाटनी फायरिंग केस पर बोले मंत्री स्वतंत्र देव सिंह– ‘योगी राज में अपराधी बच नहीं सकते’
बरेली : यूपी के बरेली सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश के सिंचाई एवं जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की सबसे बड़ी पहचान सख्त कानून व्यवस्था है। जिसमें अपराधियों को सजा और पीड़ित को न्याय मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में मथुरा, बरेली, मुरादाबाद और रामपुर में हत्या की घटनाओं के बाद भी पुलिस निष्क्रिय रहती थी। आजम खान का फोन आने पर दरोगा घटनास्थल से खाली हाथ लौट जाता था। उन्होंने कहा- “यह योगी सरकार है, यहां कानून का राज चलता है, न कि बाहुबलियों का।”
दिशा पाटनी फायरिंग केस और एनकाउंटर पर बयान
हाल ही में बरेली स्थित बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग और उसके बाद गाज़ियाबाद में शूटरों के एनकाउंटर पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा- “भाजपा की पहचान ही सख्त कानून व्यवस्था है। योगी सरकार में अपराधियों को दंड और पीड़ित को न्याय मिलता है। आज कोई यह कहने की हिम्मत नहीं कर सकता कि थाना खाली करा दो, मैं थाना चलाऊंगा।”
भाजपा सरकार की उपलब्धियां
जलशक्ति मंत्री ने दावा किया कि योगी सरकार में आठ लाख से अधिक युवाओं की नियुक्तियां हुई हैं, और इस प्रक्रिया में न तो भ्रष्टाचार हुआ और न ही जातिवाद। उन्होंने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की नीति पर काम कर रही है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि राहुल गांधी आज भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हैं, जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस का इतिहास लूट और भ्रष्टाचार से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था दे रही है, जिससे विपक्षी दलों के नेताओं को पसीना छूट रहा है।
