बरेली : शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने ही जेठ और उसके साथी पर गैंगरेप का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता गुरुवार को पुलिस अफसरों के दफ्तर पहुंची,और अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।जानकारी के अनुसार बिहारीपुर निवासी महिला का आरोप है कि उसके जेठ ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
विरोध पर पिटाई का आरोप
पीड़िता का कहना है कि घटना के दौरान उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और गंदी-गंदी गालियां दीं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने घटना किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। एसएसपी कार्यालय पहुंची महिला की हालत और शरीर पर चोट के निशान देखकर मामला गंभीर माना जा रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अफसरों ने सुनी फरियाद
बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस पीड़िता से बातचीत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और महिला के आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट : इकराम खां
