पूर्वोत्तर रेलवे का बड़ा अपडेट, 20 जून तक कई ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनों में आसानी से मिल रही सीटें
बरेली : गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने 20 जून 2026 तक चलने वाली कई ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों में उपलब्ध सीटों और बर्थ की जानकारी जारी की है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि दिल्ली, ऋषिकेश, अम्बाला, कोलकाता और पठानकोट समेत कई प्रमुख रूटों पर अभी बड़ी संख्या में सीटें खाली हैं। गोरखपुर से नई दिल्ली जाने वाली 05101 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन में 30 मई से 20 जून तक एसी थर्ड इकोनॉमी में 628 से 808 तक बर्थ उपलब्ध हैं। वहीं गोरखपुर-दिल्ली 05057 समर स्पेशल में भी जून महीने की कई तारीखों पर सैकड़ों सीटें खाली हैं।
मऊ-अम्बाला कैंट 05301 स्पेशल में भी सीट
मऊ-अम्बाला कैंट 05301 स्पेशल ट्रेन में एसी फर्स्ट, एसी सेकेंड, एसी थर्ड, थर्ड इकोनॉमी और स्लीपर क्लास में अच्छी संख्या में बर्थ उपलब्ध हैं। इसके अलावा गोरखपुर-योग नगरी ऋषिकेश, छपरा-पठानकोट और मऊ -कोलकाता स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बनी हुई है।टनकपुर-अछनेरा ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन में 22 और 23 मई को एसी चेयरकार में 129 और 134 सीटें उपलब्ध बताई गई हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से समय रहते टिकट बुक कराने की अपील की है ताकि यात्रा सुगम और आरामदायक हो सके।
