निलंबित सिपाही के वीडियो को किया शेयर, यूपी में बिजली व्यवस्था और समान अवसरों पर भी सरकार को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने एक निलंबित सिपाही के वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “सत्य निलंबित नहीं होता।”वायरल वीडियो में सिपाही पुलिस लाइन में ड्यूटी के नाम पर कथित वसूली और भ्रष्टाचार के आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। हालांकि वीडियो में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यूपी में नहीं लगा कोई नया कारखाना
इसके अलावा सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट और कटौती को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में कोई बड़ा बिजली उत्पादन कारखाना स्थापित नहीं कर सकी, जिसकी वजह से जनता को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।
आर्थिक रूप से पिछड़ों को मिलें समान अवसर
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों को समान अवसर देने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि विकास तभी संभव है जब समाज के कमजोर और पिछड़े वर्गों को शिक्षा, रोजगार और संसाधनों में बराबरी का मौका मिले। अखिलेश यादव के लगातार ट्वीट्स के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है, और सोशल मीडिया पर भी इन मुद्दों को लेकर चर्चा जारी है।
