बरेली: एसएसपी अनुराग आर्य ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित रविन्द्रालय सभागार में गुरुवार को ज़िले के सभी क्षेत्राधिकारियों और चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान चौकी स्तर पर चल रही जनसुनवाई व्यवस्था और जनसुनवाई रजिस्टर की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में आम लोगों की शिकायतों के बेहतर और तेज निस्तारण को लेकर कई जरूरी निर्देश दिए गए।

हेल्प डेस्क और 24 घंटे ड्यूटी पर दिया जोर
एसएसपी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक चौकी पर हेल्प डेस्क पर ऐसे पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, जो व्यवहार कुशल हों और लोगों की समस्याओं को समझकर उन्हें सही सहायता दे सकें। इसके साथ ही चौकियों पर जनसुनवाई।व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए 24×7 शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि आने वाले सभी प्रार्थना पत्रों को जनसुनवाई रजिस्टर में दर्ज किया जाए और तुरंत संबंधित जांचकर्ता को मौके पर भेजा जाए।

शिकायतों के समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश
बैठक में जांच अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों की तय समय सीमा के भीतर निष्पक्ष जांच पूरी कर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही थाना प्रभारी और जनसुनवाई अधिकारियों को शिकायतों का नियमित फीडबैक लेने के लिए कहा गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आम लोगों की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से समाधान करना है और जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत और जवाबदेह बनाया जाएगा।
