बरेली : शहर के कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने मामूली कहासुनी के बाद अपने ही पिता को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जानकारी के अनुसार काशीराम डेयरी का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनका छोटा बेटा अमित शराब पीकर घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। परिवार के लोगों ने जब उसे शांत कराने की कोशिश की तो वह उग्र हो गया। इसी दौरान पिता काशीराम ने बेटे को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने आपा खो दिया और लाठी उठाकर उन पर हमला कर दिया।
बीच बचाव करने आई बहन को पीटा
परिजनों के मुताबिक अमित उस समय इतने गुस्से में था कि बीच-बचाव करने आई अपनी बहन को भी पीट दिया। घर में चीख -पुकार मच गई, लेकिन आरोपी लगातार पिता पर हमला करता रहा था। गंभीर चोट लगने के बाद काशीराम जमीन पर गिर पड़े।परिवार के लोग उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दहेज मुकदमे के बाद बढ़ गया था पारिवारिक तनाव
मृतक की पत्नी रेखा रानी ने बताया कि अमित की शादी करीब छह साल पहले चौबारी निवासी रूबी से हुई थी। करीब छह महीने पहले उसकी पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में परिवार के अन्य लोगों की जमानत हो गई थी, लेकिन अमित की जमानत नहीं कराई गई। इसी बात को लेकर वह परिवार से नाराज रहता था और आए दिन विवाद करता था।
काफी दिनों से नाराज था बेटा
परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश और गुस्से में आरोपी ने अपने पिता की हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
