बरेली: यूपी के बरेली जिले में अपराध और नशे के कारोबार पर कार्रवाई कर थाना बारादरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये कीमत की 1 किलो 55 ग्राम अवैध अफीम और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रात के समय अलग-अलग स्थानों पर नशीले पदार्थों की बिक्री करते थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विकास भवन के पीछे पुलिस को देखकर भागने लगे युवक
पुलिस के मुताबिक थाना बारादरी पुलिस टीम श्यामगंज चौराहे से विकास भवन की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान विकास भवन के पीछे जाने वाले रास्ते पर तीन युवक पुलिस टीम को देखकर अचानक भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 1 किलो 55 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी, एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने इस मामले में पवन निवासी पचौरा पिपरिया मॉडल विलेज थाना भोजीपुरा, अभिषेक निवासी ग्राम कैलिपाई थाना दातागंज, बदायूं, और पिंकू को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में विमलेश निवासी ग्राम बनारा थाना भमौरा अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पूछताछ में सामने आया लालच का जाल
पुलिस पूछताछ में एक आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता था, और ईंट भट्टे पर काम के दौरान उसकी मुलाकात कुछ लोगों से हुई थी। आरोप है कि ज्यादा कमाई का लालच देकर उसे इस काम में शामिल किया गया। इसके बाद उसने अपने परिचितों को भी इस काम से जोड़ लिया। आरोपी ने बताया कि वे लोग अफीम लेकर अलग-अलग जगहों पर बेचने का काम करते थे और घटना वाले दिन भी इसी उद्देश्य से खड़े थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
