लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते यानी डीए में 2 फीसदी बढ़ोतरी का एलान किया है। सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है। इस फैसले से प्रदेश के करीब 16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनर्स को सीधा फायदा मिलने जा रहा है।
सरकार के आदेश के मुताबिक बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा। कर्मचारियों को जनवरी से अप्रैल तक का एरियर उनके भविष्य निधि यानी पीएफ खाते में जमा किया जाएगा, जबकि मई महीने का बढ़ा हुआ डीए जून के वेतन के साथ दिया जाएगा। इस बढ़ोतरी का लाभ राज्य कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित और पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों और यूजीसी वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों को भी मिलेगा।
सरकार का कहना है कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए कर्मचारियों को राहत देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। इससे पहले भी प्रदेश सरकार दिवाली के मौके पर पांचवें, छठवें और सातवें वेतनमान के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में वृद्धि कर चुकी है। सरकारी कर्मचारियों के बीच इस फैसले को लेकर खुशी का माहौल है। कर्मचारी संगठनों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है और कहा है कि इससे लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।
