फरीदपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक ने बाइक सवार शिक्षकों को कुचला,तांगे को बचाने के दौरान सड़क पर गिरे शिक्षक, पीछे से आए ट्रक ने रौंदा
बरेली : यूपी के बरेली जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो शिक्षकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों शिक्षक रविवार को प्रस्तावित प्रतियोगी परीक्षा की ड्यूटी की तैयारी के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, सुभाष नगर निवासी प्रमोद यादव और मुंशी नगर निवासी पंकज यादव उच्च प्राथमिक विद्यालय लोंगपुर में तैनात थे। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे दोनों एक ही बाइक से परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे।
दशमेश ढाबे के पास हादसा
इसी दौरान फरीदपुर टोल प्लाजा के पास दशमेश ढाबा के सामने सड़क पर चल रहे एक तांगे को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों शिक्षकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही दोनों शिक्षकों के परिवारों में कोहराम मच गया। इस मामले में शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष नरेश गंगवार ने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे फरीदपुर टोल प्लाजा के पास हुई। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवारों को सहायता देने की मांग की है। इस हादसे के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय शिक्षकों में शोक की लहर है।
