बरेली : यूपी के बरेली देहात के आंवला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। उत्तराखंड के काशीपुर से सरिया लेकर आ रहा एक ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में उतरकर पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक में लदी भारी सरिया केबिन को चीरता हुआ आगे निकल गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक असंतुलित हो गया और सड़क से नीचे उतर गया। खाई में गिरते ही पीछे लदा सरिया केबिन को तोड़ते हुए अंदर धंस गया, जिससे चालक बुरी तरह फंस गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और पीआरवी
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली आंवला पुलिस और पीआरवी की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रक पर लदे सरिया को हटाया गया और केबिन में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
कंडक्टर सुरक्षित, अस्पताल में इलाज को भर्ती
काफी मशक्कत के बाद कंडक्टर अरुण सागर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है, और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं ड्राइवर मोनू सरिया के बीच बुरी तरह दब गया था। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम को
पुलिस के अनुसार, थाना आंवला पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है, जबकि घायल कंडक्टर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
