बरेली : यूपी के बरेली देहात के भुता थाना क्षेत्र में अवैध खनन माफिया की लापरवाही ने एक मजदूर की जान ले ली। मल्लपुर गांव के पास तेज रफ्तार मिट्टी से भरे डंपर ने ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली खाई में जा गिरी, और उस पर सवार मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब गए। मौके पर ही एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
ईंट भट्ठे से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 9 बजे मल्लपुर गांव स्थित ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर कुंवरपाल (34 वर्ष), ट्रैक्टर चालक राजपाल और मजदूर राजेश ईंटें उतारकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे, जैसे ही वे मल्लपुर की नहर के मोड़ पर पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रहे अवैध खनन में लिप्त डंपर ने ट्रॉली में टक्कर मार दी।
ट्रैक्टर के नीचे दबे मजदूर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। ट्रॉली पर बैठे मजदूर उछलकर ट्रैक्टर के नीचे दब गए।ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक फरीदपुर के दलपुरा निवासी कुंवरपाल की मौत हो चुकी थी। हादसे में राजेश और राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
डंपर चालक फरार, वाहन कब्जे में
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को इलाज के लिए बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों का हंगामा
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा किया और अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से मिट्टी का अवैध खनन चल रहा है, जिसके चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होती है।
जानें क्या बताया पुलिस
इस मामले में भुता थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि डंपर की साइड लगने से ट्राली पलट गई। इसलिए मजदूर की मौत हो गई। घटना की जांच की जा रही है। फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
