बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां साली (पत्नी की बहन) द्वारा की गई कथित फर्जी पुलिस शिकायतों से आहत होकर एक व्यक्ति की सदमे में मौत हो गई। अब मृतक की पत्नी ने अपनी सगी बहन समेत उसके परिवार के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले ने पारिवारिक विवाद के साथ-साथ पुलिस शिकायतों के दुरुपयोग पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
झूठी शिकायतों से टूट गया जीजा, सदमे में गई जान
शिव स्टेट कॉलोनी निवासी चमनजहां ने इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी सगी बहन मुशर्रत ने उसके पति के खिलाफ पुलिस अधिकारियों से बार-बार फर्जी शिकायतें कीं। इन शिकायतों से मानसिक रूप से टूट चुके उसके पति गहरे अवसाद में चले गए और अंततः सदमे में उनकी मौत हो गई।
घर आकर किया झगड़ा, बच्चों से भी मारपीट
पीड़ित चमनजहां का आरोप है कि उसकी बहन मुशर्रत, उसकी बेटी रिफा खान, दामाद अली अदनान, बेटा कामरान खान और अन्य लोग शगुफ्ता व अजीज के साथ मिलकर उनके घर पहुंचे और झगड़ा किया। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने चमनजहां के बेटों के साथ भी मारपीट की।
बीसी के रुपये हड़पने का भी आरोप
पीड़िता ने बताया कि मुशर्रत ने बीसी के रुपये हड़पकर अपनी बेटी और दामाद को दे दिए, जब भी कोई उससे पैसे वापस मांगता है, तो वह यह कहकर टाल देती है कि उसकी बहन पर उसके दस लाख रुपये बकाया हैं और वही रकम मिलने पर वह पैसे लौटा देगी।
दोनों पक्षों से दर्ज हुआ मुकदमा
इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने मीडिया को बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
