बरेली : सिपाही भर्ती परीक्षा देने शाहजहांपुर से बरेली आई एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। युवती के पिता ने अपने गांव के एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती और आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र निवासी व्यक्ति की बेटी 10 जून को पुलिस भर्ती परीक्षा देने बरेली आई थी। परीक्षा के बाद वह इज्जतनगर क्षेत्र में रहने वाली अपनी बड़ी बहन के कमरे पर रुक गई थी।
सहेली के साथ बाजार जाने की बात कहकर निकली
परिजनों के मुताबिक 12 जून को बड़ी बहन बीए की परीक्षा देने जलालाबाद चली गई थी। इसी दौरान युवती ने बहन की सहेली से बाजार जाने की बात कही और कमरे से निकल गई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। बड़ी बहन जब शाम को कमरे पर पहुंची तो छोटी बहन के गायब होने की जानकारी हुई।
गांव के युवक पर लगाया आरोप
युवती के पिता ने गांव निवासी रवि नामक युवक पर बेटी को बहला -फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रवि भी उसी समय से लापता है। जब उन्होंने युवक के परिजनों से बेटी के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया तो विवाद की स्थिति बन गई।
पुलिस जुटी तलाश में
बताया जाता है कि इज्जतनगर पुलिस ने पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस युवती और आरोपी युवक की तलाश में जुटी है। साथ ही दोनों के संभावित ठिकानों और मोबाइल लोकेशन की जांच भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों का पता लगाकर मामले का खुलासा किया जाएगा।
