स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत, बाढ़ प्रबंधन और सिंचाई कार्यों की की समीक्षा
बरेली : यूपी सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सोमवार को बरेली पहुंचे। उन्होंने विभागीय अफसरों के साथ मैराथन बैठकें कर बाढ़, और सिंचाई कार्यों की समीक्षा की। मंत्री ने साफ कहा कि नहरों पर हो रहे अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे, और जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करनी होगी। इसके साथ ही उन्होंने वर्षा जल संरक्षण और संचयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पानी की एक-एक बूंद को बचाना सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में रामगंगा और सहायक नदियों के जलस्तर, तटबंधों की स्थिति और बाढ़ नियंत्रण उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। अफसरों ने बताया कि इस साल बरेली बाढ़ खंड द्वारा 9 कटान निरोधक प्रोजेक्ट पूरे किए गए हैं। जिससे कई गांव सुरक्षित हुए हैं। मंत्री ने तटबंधों की निगरानी बढ़ाने और मौके पर चौकसी रखने के निर्देश दिए।
कार्यशाला का किया निरीक्षण
इसके बाद मंत्री ने सिंचाई कार्यशाला का स्थलीय निरीक्षण किया और बैराज गेटों के फेब्रिकेशन कार्य की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सर्किट हाउस में अफसरों संग बैठक में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पानी नहरों के टेल तक हर हाल में पहुँचना चाहिए। अफसरों ने बताया कि इस बार पानी अंतिम छोर तक पहुंच चुका है। मंत्री ने निर्देश दिए कि नहरों पर हुए अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं और किच्छा बैराज से जुड़े कार्यों को भी गति दी जाए।
बर्दाश्त नहीं की जाएगी लापरवाही
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को राहत देने वाले कार्य समयबद्ध, और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाने चाहिए। लापरवाही करने वाले अफसर किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे।
