फाइल फोटो
2 दिन से लापता फौजी के 14 वर्षीय बेटे ने चाइल्डलाइन में किया सुसाइड अटेम्प्ट, हालत गंभीर
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक फौजी के 14 वर्षीय बेटे ने चाइल्ड केयर सेंटर में आत्महत्या करने की कोशिश की। किशोर ने बाथरूम में खुद को बंद कर बिजली के तार से फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते स्टाफ की सतर्कता से उसकी जान बचा ली गई। गंभीर हालत में बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खेलने निकला था किशोर, दो दिन तक रहा लापता
शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के हरुनगला निवासी विजेंद्र सिंह फौज में तैनात हैं। उनका 14 वर्षीय बेटा अजय रविवार शाम घर से खेलने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
पुलिस ने बरामद कर चाइल्डलाइन को सौंपा
पुलिस के अनुसार, आठ फरवरी की रात बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने किशोर को बरामद किया और नियमानुसार चाइल्डलाइन के सुपुर्द कर दिया। किशोर को सीतापुर नेत्र चिकित्सालय परिसर में स्थित चाइल्ड केयर कार्यालय में रखा गया था।
बाथरूम में बंद होकर लगाया फंदा
बताया जाता है कि मंगलवार को किशोर ने चाइल्ड केयर सेंटर के बाथरूम में खुद को अंदर से बंद कर लिया और बिजली के तार से आत्महत्या का प्रयास किया। काफी देर तक हलचल न होने पर स्टाफ को शक हुआ। कर्मचारियों ने तुरंत दरवाजा तोड़ा तो किशोर फंदे पर लटका मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में तड़पता रहा बच्चा, परिजन सदमे में
जिला अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद किशोर की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों के मुताबिक बच्चा दर्द से चीखता रहा और बेहद डरा हुआ था। पिता विजेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चे की मां की पहले ही मौत हो चुकी है और उन्होंने दूसरी शादी की है। परिजन इस बात को लेकर भी परेशान हैं कि आखिर बच्चा घर से वहां कैसे पहुंचा और उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, चाइल्डलाइन ने किया इनकार
किशोर के रिश्तेदारों ने चाइल्ड केयर में लापरवाही और साजिश की आशंका जताई है। वहीं चाइल्डलाइन प्रबंधन का कहना है कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित था और यह घटना अचानक हुई, इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं है।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
