बरेली : यूपी के बरेली देहात की फरीदपुर विधानसभा से भाजपा विधायक रहे दिवंगत डॉ. श्याम बिहारी लाल की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। सत्संग भवन, फरीदपुर में हुए इस कार्यक्रम में शोक, सम्मान और संवेदना का माहौल बना रहा।
प्रदेश-केंद्र के दिग्गज नेता हुए शामिल
श्रद्धांजलि सभा में आमजन के साथ-साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार विशेष रूप से पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना और कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह भी शामिल हुए।
पुष्पांजलि अर्पित कर परिजनों को बंधाया ढांढस
सभी गणमान्य अतिथियों ने दिवंगत विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद नेताओं ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में उन्हें धैर्य रखने का संबल दिया।
जनसेवा और सरल व्यक्तित्व को किया याद
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने डॉ. श्याम बिहारी लाल के सामाजिक, राजनीतिक और जनसेवा से जुड़े कार्यों को याद किया। नेताओं ने कहा कि वे बेहद सरल, सहज और जनता से जुड़े हुए नेता थे, जिन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी।
2 जनवरी को हुआ था निधन
गौरतलब है कि डॉ. श्याम बिहारी लाल का 2 जनवरी को हार्ट अटैक से एक मीटिंग के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से ही क्षेत्र में शोक की लहर है। श्रद्धांजलि सभा में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी मौजूदगी रही। सभी ने दिवंगत विधायक को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें अंतिम नमन किया।
