मृतक का फाइल फोटो
बरेली : यूपी के बरेली देहात के थाना सिरौली क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा निवासी 50 वर्षीय सुरेश पाल की शनिवार रात लोहे की रॉड से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात उस वक्त अंजाम दी गई, जब सुरेश अपने घर में चारपाई पर सो रहे थे। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और हड़कंप का माहौल है। पुलिस ने मृतक और उनकी पत्नी के मोबाइल कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, इस मामले में सिरौली थाना पुलिस से जानकारी की काफी कोशिश की गई। मगर, फोन पर संपर्क नहीं हुआ। इसके साथ सीओ आंवला का भी फोन नहीं उठा। एसएसपी के पीआरओ ने जानकारी से इनकार किया।
मृतक के भाई ने भाभी पर जताया शक
सुरेश पाल की हत्या के बाद मृतक के भाई चंद्रपाल ने हत्या की बात कहीं है। उनका कहना है कि सुरेश पाल शनिवार शाम खेत से काम करके घर लौटे थे। बच्चों के साथ खाना खाने के बाद वह अपने बिस्तर पर सोने चले गए, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। रात करीब 10 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने सुरेश के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, गोली मारकर हत्या की बात बताई जा रही है। उन्होंने मृतक की पत्नी पर हत्या का शक जताया, और मामले की जांच की बात कही।
पत्नी ने दी सूचना, खून से लथपथ मिला शव
बताया जाता है कि मृतक के परिजनों को सुरेश की पत्नी ममता ने फोन के जरिए चंद्रपाल को दी, जब चंद्रपाल मौके पर पहुंचे तो देखा कि सुरेश चारपाई पर रजाई में ढके खून से लथपथ पड़े थे और ममता पास में बैठी हुई थी। रजाई हटाने पर सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले और सुरेश की मौत हो चुकी थी।
पत्नी पर हत्या की साजिश का आरोप
मृतक के भाई चंद्रपाल ने अपनी भाभी ममता पर हत्या की साजिश रचने का साफ गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि सुरेश की शादी देर से हुई थी, और पत्नी की उम्र उनसे काफी कम थी। उन्होंने आशंका जताई कि कथित प्रेम-प्रसंग के चलते ममता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सुरेश की हत्या करवाने का आरोप लगाया। चंद्रपाल के अनुसार, सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
पुलिस ने मोबाइल बरामद कर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक सुरेश पाल का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है और पत्नी, परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल की कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक सुरेश पाल खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके निधन से पत्नी समेत तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय मीडिया को पुलिस ने बताया कि मामला गंभीर है, और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मोबाइल जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह साफ हो सकेगी।
