बरेली: यूपी के बरेली में कानून -व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने गूगल मीट के जरिए समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जिले के सभी अपर पुलिस अधीक्षक (एसपी), क्षेत्राधिकारी (CO), एलआईयू अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक में अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और चल रहे पुलिस अभियानों की विस्तार से समीक्षा की गई।
अपराधों पर सख्ती के निर्देश

बैठक के दौरान एसएसपी ने साफ कहा कि जिले में होने वाले हर अपराध पर पुलिस पूरी सतर्कता रखे और तुरंत कार्रवाई करे। चोरी, लूट, नकबजनी और वाहन चोरी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी और उनके सत्यापन पर भी जोर दिया गया।
जयंती और जुलूसों को लेकर विशेष तैयारी

आने वाली महर्षि कश्यप जयंती और डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को देखते हुए पुलिस को खास सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। जुलूस और शोभायात्रा मार्गों का पहले से निरीक्षण करने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए लाइटिंग और CCTV कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनसुनवाई और लंबित मामलों पर फोकस
जनसुनवाई डेस्क पर आए प्रार्थना पत्रों के जल्दी निस्तारण के निर्देश दिए गए। 60 और 90 दिनों से ज्यादा समय से लंबित विवेचनाओं को जल्द खत्म करने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा ई-समन के लंबित मामलों को भी प्राथमिकता के साथ निपटाने को कहा गया।
अभियान और तकनीक के इस्तेमाल पर जोर

बैठक में यक्ष एप पर घटनाओं की सही और समय पर फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गौकशी, एनडीपीएस मामलों और जब्त माल के निस्तारण पर भी सख्ती बरतने को कहा गया। साथ ही,लाउडस्पीकर चेकिंग अभियान और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
