बरेली : एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरक्षी (सिपाही) विशु को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। यह कदम तब उठाया गया, जब उनके खिलाफ गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आए। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
गौकशी के आरोपी से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला बरेली देहात के थाना भोजीपुरा में दर्ज एक केस से जुड़ा है। इसमें राजू कुरैशी नाम के आरोपी को गौकशी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसे 14 फरवरी को पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़कर जेल भेजा गया था। आरोपी के खिलाफ पहले से ही 19 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
बीट क्षेत्र में रहने के बावजूद नहीं की कार्रवाई
जांच में सामने आया कि आरोपी आरक्षी विशु के बीट क्षेत्र में ही रहता था। इसके बावजूद सिपाही ने न तो उसका नाम बीट रजिस्टर में दर्ज किया और न ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। यही लापरवाही उनके निलंबन की बड़ी वजह बनी।
जांच रिपोर्ट के बाद लिया गया फैसला
सीओ हाईवे की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने यह सख्त फैसला लिया। विभागीय जांच जारी है और आगे भी इस मामले में और कार्रवाई हो सकती है। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
