बरेली: महिला से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ा एक्शन लिया है। जांच में खामियां मिलने पर दो दरोगा (उपनिरीक्षक) और एक हेड कॉन्स्टेबल (मुख्य आरक्षी) को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
क्या था पूरा मामला?
यह मामला थाना सीबीगंज का है। 8 दिसंबर 2023 को एक महिला ने शिकायत दी थी कि एक व्यक्ति ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में उसे छोड़ दिया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन शुरुआत से ही केस की कार्रवाई सही तरीके से नहीं की गई।
एफआईआर में ही हुई बड़ी गलती
जांच में पता चला कि उस समय एफआईआर लिखने वाले हेड कॉन्स्टेबल प्रवीण कुमार ने मामले की गंभीरता को नजरअंदाज किया। महिला की शिकायत में गंभीर आरोप होने के बावजूद मुकदमे में सही धाराएं नहीं लगाई गईं, जिससे केस कमजोर हो गया।
जांच के दौरान भी बरती गई लापरवाही
सिर्फ एफआईआर ही नहीं, बल्कि जांच के दौरान भी बड़ी चूक सामने आई। मामले की विवेचना कर रहे दरोगा रत्नेश कुमार और सचिन चौधरी ने भी जरूरी कानूनी कार्रवाई नहीं की और केस में अहम धाराएं जोड़ने में लापरवाही बरती।
एसएसपी का सख्त एक्शन, विभागीय जांच शुरू
इन सभी लापरवाहियों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने दरोगा रत्नेश कुमार, दरोगा सचिन चौधरी और हेड कॉन्स्टेबल प्रवीण कुमार को सस्पेंड कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि विभागीय जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
