रील्स और कमेंटबाजी को लेकर बढ़ा था विवाद, पुलिस ने हत्याकांड में प्रयुक्त साक्ष्य किए बरामद
बरेली : यूपी के बरेली में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ मामूली विवाद खौफनाक हत्याकांड में बदल गया।इंस्टाग्राम पर कमेंटबाजी को लेकर हुए झगड़े में 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर महज 36 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले का शुक्रवार को सीओ फर्स्ट आशुतोष शिवम ने मीडिया से बातचीत कर घटना का खुलासा किया।
पुरानी रेलवे कॉलोनी में मिला था युवक का शव
बुधवार को पुरानी रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। बाद में मृतक की पहचान मलूकपुर निवासी अमन रजा (24 वर्ष) के रूप में हुई, जो पार्लर में काम करता था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर तेजी से जांच करते हुए 10 अप्रैल को आरोपी समद मुसा (24 वर्ष) को सिटी सब्जी मंडी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
इंस्टाग्राम कमेंट से शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी के बीच इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती थी। रील्स और फोटो पर कमेंट को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया, जिससे आरोपी के मन में रंजिश पैदा हो गई।
मिलने बुलाकर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 7 अप्रैल की रात अमन को मिलने बुलाया। इसके लिए सिटी स्टेशन के पास चाय की दुकान चलाने वाले के फोन से कॉल की। इसके बाद बातचीत करते-करते सिटी रेलवे स्टेशन के रेलवे ट्रैक के पास ले जाकर मारपीट की गई, फिर सुनसान खंडहर में ले जाकर उस पर हमला किया गया। ताबड़तोड़ हमले के दौरान अमन के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद
इस दौरान पुलिस ने खून लगी ईंट, मृतक का आधार कार्ड, खून से सने कपड़े, मोबाइल फोन, बरामद कर लिए हैं। आरोपी 10वीं का छात्र, बॉडीबिल्डिंग का शौकीन बताया जा रहा है कि आरोपी समद मुसा अपनी नानी के घर रहकर कक्षा 10 की पढ़ाई कर रहा था और बॉडीबिल्डिंग का शौकीन है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद से वह कई दिनों से नाराज था और उसी गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
