बरेली-पीलीभीत से निकले थे सभी श्रद्धालु,भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर निगलाट के पास हुआ दर्दनाक हादसा
नैनीताल/बरेली : उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कैंची धाम के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। बरेली- पीलीभीत से कैंची धाम दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगलाट के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर खाई में गिरे सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।
तीन की मौत, पांच गंभीर घायल
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने पुलिस को बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों में ऋषि पटेल (7 वर्ष), स्वाति (20 वर्ष), अक्षय (20 वर्ष), ज्योति (25 वर्ष), करन (25 वर्ष), राहुल पटेल (35 वर्ष), गंगा देवी (56 वर्ष), बृजेश कुमारी (26 वर्ष) और नैंसी गंगवार (24 वर्ष) शामिल थे।सीएचसी पहुंचे घायलों में से गंगा देवी, बृजेश कुमारी और नैंसी गंगवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह सभी बरेली एयरफोर्स स्टेशन के पास रहते हैं। मगर, इसमें कुछ लोग पीलीभीत में भी रहते हैं। हादसे की खबर आते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
घायलों को हायर सेंटर किया रेफर
सीएचसी भवाली के डॉक्टर रमेश कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।
