उत्तराखंड से बरेली आ रही 22 रेता-बजरी गाड़ियां पकड़ी, बिना STP चल रहे थे डंपर
बरेली : यूपी के बरेली में अवैध खनन और बिना स्टेट ट्रांजिट पास (STP) रेता-बजरी के परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।।उत्तराखंड से बरेली की ओर आ रही 22 गाड़ियों को बिना वैध दस्तावेजों के पकड़ा गया, जिसके बाद सभी वाहनों को सीज कर दिया गया। यह कार्रवाई शहर के इज्जतनगर क्षेत्र में देर रात की गई, जहां खनन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान सामने आया कि पकड़ी गई सभी 22 गाड़ियां बिना STP के रेता-बजरी का परिवहन कर रही थीं। प्रशासन के अनुसार, रेता और बजरी के परिवहन के लिए स्टेट ट्रांजिट पास अनिवार्य होता है और उसी के आधार पर सरकार को टैक्स प्राप्त होता है। लेकिन पकड़ी गई किसी भी गाड़ी के पास वैध कागजात नहीं पाए गए।
यह बोले ADM
ADM (ई) संतोष कुमार सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि “उत्तराखंड से आ रही 22 गाड़ियों को बिना STP पकड़ा गया है। सभी वाहनों को इज्जतनगर क्षेत्र में सीज कर दिया गया है। नियमों के तहत इन पर जुर्माना लगाया जाएगा और यदि किसी वाहन में ओवरलोडिंग पाई जाती है तो RTO विभाग द्वारा अलग से कार्रवाई की जाएगी।”उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन और अवैध परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पहले भी लगते रहे हैं आरोप
गौरतलब है कि इससे पहले भी बरेली-उत्तराखंड बॉर्डर से बिना रॉयल्टी रेता-बजरी की गाड़ियां निकलने के आरोप लगते रहे हैं। पुराने दौर में इस तरह के अवैध कारोबार को राजनीतिक संरक्षण मिलने की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं। हालांकि, अब प्रशासन का दावा है कि ऐसे किसी भी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध खनन से जुड़े लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
