बरेली : 26 सितंबर को बरेली शहर में हुए बवाल के मामले में पुलिस जांच ने बड़ी प्रगति हासिल की है। इस पूरे प्रकरण को लेकर SP सिटी मानुष पारीक ने मंगलवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि घटना के संबंध में कुल 12 मुकदमे पंजीकृत किए गए थे। SP सिटी के अनुसार, इन 12 मामलों में से अब तक 7 मुकदमों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इन सात मामलों में करीब 90 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों में मौलाना तौकीर रजा के साथ-साथ उनके सहयोगी और घटना से जुड़े अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मौलाना तौकीर रजा इस समय फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
SP सिटी बोले – निष्पक्ष की जांच
SP सिटी मानुष पारीक ने मीडिया से कहा कि पुलिस ने मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की है। घटनास्थल से जुड़े सबूत, वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट दाखिल की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शेष मुकदमों में भी जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही उनमें भी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। SP सिटी ने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
